संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के अवलपुर गांव निवासी 34 वर्षीय अरविंद तिवारी की मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह सीएचसी मुजेहना से उनका शव छोड़कर आरोपी फरार हो गए, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च को छजवा बाजार स्थित एक चाय की दुकान पर अरविंद के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और एक हड्डी भी फ्रैक्चर हो गई थी। इस मामले में 14 मार्च को मोतीगंज पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था और अरविंद का इलाज चल रहा था।
बताया जा रहा है कि 23 मार्च को इलाज के दौरान अरविंद की मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद आरोपी शव को सीएचसी मुजेहना छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही धानेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी।
24 मार्च को जब शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया और नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने की भी तैयारी कर ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतीगंज और धानेपुर थाने की पुलिस टीम के साथ क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
आखिरकार पुलिस द्वारा कार्रवाई का भरोसा दिलाने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment