संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा जिले के कोड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रुकमंगतपुर में हुई मारपीट की घटना ने गंभीर रूप ले लिया। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत होने के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों ने शव को रखकर प्रदर्शन करने की कोशिश की, जिससे पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गांव में हुई मारपीट में रमेश (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार को केजीएमयू में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बुधवार को जब परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में शामिल आरोपियों पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और अन्य नाम भी बढ़ाए जाएं। इसी मांग को लेकर परिजन अंतिम संस्कार करने से इनकार करते हुए प्रदर्शन की तैयारी करने लगे।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और अंततः अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हो गए।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
Post a Comment