संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा। होली के टीवी टीवी रंग, ढोल-नगाड़ों की थाप और लोकगीतों की गूंज के बीच गोंडा जिले के विश्नोहरपुर गांव में आयोजित होली महोत्सव में उस समय माहौल कुछ देर के लिए गंभीर हो गया, जब पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अंतरराष्ट्रीय हालात पर बड़ा बयान दिया।
अपने पैतृक आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा,
“युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। बातचीत ही असली रास्ता है।”
उन्होंने दुनिया के कई हिस्सों में बढ़ते तनाव का जिक्र करते हुए खास तौर पर ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता जताई। उनका कहना था कि आज की दुनिया पहले से अधिक जुड़ी हुई है, ऐसे में कहीं भी युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यदि देशों के बीच संवाद नहीं होगा तो हालात और बिगड़ सकते हैं। दुनिया को टकराव नहीं, बल्कि शांति और वार्ता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़ी भीड़
कार्यक्रम में गोंडा के अलावा बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। थारू समाज के कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर माहौल को रंगीन बना दिया। ढोल की थाप और रंग-गुलाल के बीच लोगों ने जमकर होली खेली।
इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह भी लोगों के साथ रंग खेलते और झूमते नजर आए। कार्यक्रम में उन्होंने समाज की संस्कृति और परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति और संवाद का संदेश दें।
कार्यक्रम का वीडियो और उनका बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।
Post a Comment