संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा। जिले के वजीरगंज और कटरा बाजार क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। पहली घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के बस्तीपुरवा गांव की है, जहां 12 वर्षीय अवदेश अपने साथी प्रदीप के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक भैंस से टकरा जाने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को अवदेश की मौत हो गई, जबकि प्रदीप का इलाज जारी है।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने भैंस मालिकों पर हादसे के बाद मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे मामला और भी गरमा गया है। थाना प्रभारी के अनुसार अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए कानूनी कार्रवाई नहीं हो पाई है। मृतक अवदेश के पिता राजमिस्त्री हैं और इस दुखद हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
वहीं दूसरी घटना कटरा बाजार थाना क्षेत्र के जयसामजोत बरहा गांव से सामने आई है। यहां पिछले पांच दिनों से लापता 28 वर्षीय युवक शैलेश सिंह का शव बहराइच जिले के हुजूरपुर क्षेत्र स्थित एक कुएं में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
इन दोनों घटनाओं से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश देखा जा रहा है।
Post a Comment