मवेशी चोरों में मुठभेड़, मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार



संवाददाता अंकित कुमार शर्मा 

गोंडा नगर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर पहड़वा रेलवे क्रॉसिंग के पास देर रात पुलिस और पशु चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर उर्फ लल्लन समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में समीर के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में नायब, तुशाल उर्फ तुफैल, बहराइच निवासी भूपेंद्र यादव उर्फ भूपत और मेंहदी हसन शामिल हैं। सभी आरोपी एक पिकअप वाहन में सवार होकर चोरी के मवेशियों को ले जा रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक भैंस, एक पड़वा, एक पिकअप वाहन, एक अवैध तमंचा और 17 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
6 पशु चोरी की घटनाओं का खुलासा
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के मुताबिक, आरोपी समीर उर्फ लल्लन अपने साथियों के साथ मिलकर जिले के अलग-अलग इलाकों से मवेशी चोरी कर उन्हें दूसरे जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता था। इस गिरफ्तारी के साथ नगर कोतवाली, कर्नेलगंज, देहात कोतवाली और वजीरगंज थानों में दर्ज 6 पशु चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल पुलिस टीम ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी समीर उर्फ लल्लन घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, साथ ही पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच भी जारी है।                                               

Post a Comment

Previous Post Next Post