गोंडा में 25 हजार का इनामी लुटेरा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली





गोंडा जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी लुटेरे अमित तिवारी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, कर्नलगंज कोतवाली और एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी अमित तिवारी मोटरसाइकिल से इलाके में घूम रहा है। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी पर ‘टीम 1212’ नाम से गिरोह चलाने का आरोप है, जो राह चलती महिलाओं को निशाना बनाकर उनके कानों के झुमके और अन्य आभूषण छीनकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 22 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और कुछ आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बीते 19 फरवरी को आरोपी ने कर्नलगंज क्षेत्र में एक महिला से झुमकी छीनकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में पीड़िता ने थाने में तहरीर दी थी और आरोपी सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुआ था।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बताया जा रहा है कि आरोपी गोंडा के अलावा बस्ती और अयोध्या जिलों में भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है।
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।  
 प्रहारी मुम्बई न्यूज यूपी
 पत्रकार अंकित कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post