गोंडा से बड़ी खबर 2 दिन से लापता शिक्षक, CCTV में दिखे पैदल जाते



संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

गोंडा जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां जूनियर हाई स्कूल के शिक्षक संतोष कुमार कन्नौजिया (48) पिछले दो दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता हैं। उनके अचानक गायब होने से परिवार के साथ-साथ शिक्षा विभाग में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि नगर कोतवाली क्षेत्र के इमिलिया गुरुदयाल गांव निवासी संतोष कुमार 15 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे घर से दाढ़ी बनवाने के लिए निकले थे। परिजनों के अनुसार, वह पास की एक नाई की दुकान तक पहुंचे, लेकिन वहां से बिना दाढ़ी बनवाए ही आगे निकल गए और फिर घर वापस नहीं लौटे।
देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बीत जाने के बाद उनकी पत्नी रेनू कुमारी ने नगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की। जांच में एक फुटेज सामने आया है, जिसमें संतोष कुमार एक गली में पैदल जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
परिजनों का कहना है कि संतोष कुमार पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से भी अस्वस्थ चल रहे थे। पत्नी ने पुलिस से जल्द से जल्द अपने पति को खोजने की अपील की है।
नगर कोतवाल बृजेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और CCTV फुटेज के आधार पर खोजबीन जारी है। पुलिस ने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पुलिस और परिवार दोनों ही संतोष कुमार की तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।       

Post a Comment

Previous Post Next Post