अधिवक्ता को हवालात में बंद कर मारपीट करना पुलिसकर्मियों को पड़ा भारी, थाना प्रभारी समेत तीन पर FIRकोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा, थाना प्रभारी जयशंकर सिंह सहित तीन पुलिसकर्मी नामजद





पीलीभीत। कानून के रखवाले ही जब कानून की मर्यादा भूलने लगें तो सवाल उठना लाजिमी है। पीलीभीत के थाना जहानाबाद में एक अधिवक्ता को कथित तौर पर हवालात में बंद कर मारपीट करने का मामला अब पुलिस महकमे के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता रामानुज सैनी की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
दर्ज मुकदमे में थाना प्रभारी जयशंकर सिंह, आरक्षी मनोज कुमार और मुख्य आरक्षी मोहम्मद इरफान को नामजद किया गया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जांच क्राइम ब्रांच को सौंपने की तैयारी में जुटे हैं।
विवाद के बाद हवालात में बंद करने का आरोप
अधिवक्ता रामानुज सैनी के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब दो बजे वह एक मामले के सिलसिले में जहानाबाद कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान आरक्षी मनोज कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सिपाही ने उनके साथ अभद्रता की और अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन हवालात में बंद कर दिया।
अधिवक्ता का आरोप है कि उन्हें करीब एक घंटा 17 मिनट तक हवालात में रखा गया और इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। घटना की जानकारी मिलने पर थाने पहुंचे उनके साथी अधिवक्ता आमिर ने जब हिरासत में रखने का कारण पूछा तो उनके साथ भी कथित तौर पर अभद्रता की गई।
मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की दी धमकी
आरोप है कि थाना प्रभारी ने अधिवक्ता को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी भी दी। मामले में न्याय पाने के लिए अधिवक्ता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश के बाद तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
अब सबकी निगाहें मामले की निष्पक्ष जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post