चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी ने मिलाया हाथ, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का ऐलान; चंद्रशेखर होंगे सीएम फेस




लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक समीकरण की आहट तेज हो गई है। सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने संयुक्त रूप से ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का ऐलान कर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। दोनों नेताओं ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है।
लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन को नया राजनीतिक विकल्प बताते हुए कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मोर्चा है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन कमजोर, पीड़ित, शोषित और वंचित समाज की आवाज बनेगा। आने वाले समय में अन्य दलों और सामाजिक संगठनों के जुड़ने से इसकी ताकत और बढ़ेगी।
चंद्रशेखर आजाद ने 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में बड़ी ‘सत्ता परिवर्तन रैली’ आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को अपने अधिकारों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय अपनी राजनीतिक ताकत स्वयं खड़ी करनी होगी। बेरोजगारी, शोषण और सामाजिक भेदभाव जैसे मुद्दों पर उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों को भी घेरा।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था, दलितों और वंचितों की सुरक्षा तथा कथित फर्जी एनकाउंटर के मुद्दे पर भी चंद्रशेखर ने सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने हाथरस समेत विभिन्न घटनाओं का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। साथ ही संविधान और आरक्षण की व्यवस्था से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ का विरोध करने की बात कही।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी समेत अन्य दलों के लिए गठबंधन के दरवाजे खुले हैं। जो भी दल भाजपा को सत्ता में आने से रोकना चाहता है, वह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के साथ आ सकता है।
वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन को भाजपा के खिलाफ मजबूत राजनीतिक विकल्प बताते हुए कहा कि इसकी लड़ाई बेरोजगारों, किसानों, अल्पसंख्यकों और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए होगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पर्याप्त समर्थन मिलने के बावजूद वह भाजपा को सत्ता से बाहर करने में सफल नहीं हो पा रही है।
दोनों नेताओं के इस ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें 26 नवंबर की सत्ता परिवर्तन रैली और इस गठबंधन से जुड़ने वाले संभावित नए राजनीतिक दलों पर टिकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post