आजमगढ़। प्रतिभा जब मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के साथ कदम बढ़ाती है तो सफलता खुद रास्ता बना लेती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है जनपद के भगवतीपुर ग्राम सभा निवासी मुदित सिंह ने। दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के सुपुत्र मुदित सिंह का एमबीबीएस में चयन हुआ है। इस शानदार उपलब्धि ने न सिर्फ परिवार का सिर गर्व से ऊंचा किया है, बल्कि पूरे भगवतीपुर और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है।
मुदित की इस सफलता को उनकी वर्षों की मेहनत, निरंतर पढ़ाई और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। चिकित्सा जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में एमबीबीएस में चयन हासिल करना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। बेटे की इस कामयाबी से पिता भूपेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह सहित परिवार के लोगों में खुशी का माहौल है। शुभचिंतकों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों की ओर से लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर चिकित्सा शिक्षा के प्रतिष्ठित मुकाम तक पहुंचने की यह उपलब्धि क्षेत्र के उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं।
मुदित सिंह ने साबित कर दिया कि मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान और हौसलों में उड़ान होती है। उनकी इस उपलब्धि पर भगवतीपुर में गर्व और उल्लास का माहौल है।
Post a Comment