आजमगढ़ की बेटी डॉ. अरीबा ने FMGE परीक्षा में हासिल की सफलता, गांव में खुशी की लहर300 में से 153 अंक प्राप्त कर बढ़ाया आजमगढ़ और जौनपुर का मान, ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत





जौनपुर (उत्तरशक्ति)। प्रतिभा, मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर बेटियां हर मुकाम हासिल कर सकती हैं। इसे साबित करते हुए आजमगढ़ के लालगंज क्षेत्र के कटौली बुजुर्ग गांव की निवासी डॉ. अरीबा गुलाम रब्बानी ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) में 300 में से 153 अंक प्राप्त कर निर्धारित उत्तीर्णांक हासिल किया है। उनकी सफलता से परिवार में जश्न का माहौल है, वहीं पैतृक गांव सहित आजमगढ़ और जौनपुर के लोगों में खुशी की लहर है।
डॉ. अरीबा वर्तमान में जौनपुर शहर के मुल्लाह टोला, वार्ड नंबर 35, हुमा मस्जिद के निकट निवास करती हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल करना उनकी मेहनत और लगन को दर्शाता है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी उच्च शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
बेटी की सफलता पर पिता ने जताया गर्व
डॉ. अरीबा के पिता डॉ. गुलाम रब्बानी खान ने दूरभाष पर बातचीत के दौरान खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अरीबा उनके गांव की पहली बेटी हैं, जिन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि बेटी की सफलता पूरे परिवार और गांव के लिए गर्व और सम्मान की बात है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अरीबा की कामयाबी से गांव की दूसरी बच्चियां भी शिक्षा के प्रति जागरूक होंगी और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे आएंगी।
क्या है FMGE परीक्षा?
फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) विदेश से मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने वाले भारतीय विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाने वाली स्क्रीनिंग परीक्षा है। इसका आयोजन नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) करता है। परीक्षा कुल 300 अंकों की होती है, जिसमें उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम 150 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। डॉ. अरीबा ने 153 अंक हासिल कर इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
ग्रामीण बेटियों के लिए बनीं मिसाल
डॉ. अरीबा की यह कामयाबी केवल उनके परिवार की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि यदि बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर और परिवार का सहयोग मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों ने विश्वास जताया कि डॉ. अरीबा भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाओं से समाज का नाम रोशन करेंगी।
रिपोर्ट: डॉ. इम्तियाज अहमद, उप संपादक, उत्तरशक्ति हिंदी दैनिक, जौनपुर।

Post a Comment

Previous Post Next Post