यूपी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, आजमगढ़ को मिले दो नए पुलिस अधिकारीएसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव का मऊ तबादला, अरुण कुमार सिंह द्वितीय बने नए एसपी यातायात





आजमगढ़। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। प्रदेशभर में अपर पुलिस उपायुक्त एवं अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के 28 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल का असर आजमगढ़ पुलिस महकमे पर भी पड़ा है, जहां दो नए अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन की ओर से जारी स्थानांतरण सूची के मुताबिक, यातायात निदेशालय लखनऊ में तैनात रहे अरुण कुमार सिंह द्वितीय को आजमगढ़ का नया एसपी यातायात नियुक्त किया गया है। वहीं मुरादाबाद में तैनात कुमार रणविजय सिंह को आजमगढ़ का नया अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है।
वहीं जिले में एसपी यातायात के पद पर तैनात पंकज कुमार श्रीवास्तव का तबादला मऊ जनपद कर दिया गया है, जहां उन्हें अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल के तहत लखनऊ, आगरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और वाराणसी समेत प्रदेश के कई जिलों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इसके अलावा कुछ अधिकारियों को एएनटीएफ, पीएसी और पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
शासन के इस फैसले के बाद आजमगढ़ पुलिस महकमे में नए अधिकारियों की तैनाती को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि नए अधिकारी जिले में यातायात व्यवस्था और ग्रामीण क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को किस तरह नई दिशा देते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post