संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर
सरायमीर (आजमगढ़)। जामिया तैय्यबात तोवां में मंगलवार को अल्लामा शिबली नोमानी रहमतुल्लाह अलैह की जिंदगी और सेवाओं पर छात्राओं के लिए एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन प्रोफेसर अबू सुफियान इस्लाही अलीग की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जोहरा अरशद ने कुरआन की तिलावत से किया। इसके बाद जुल्फी अबसार ने तराना-ए-तैय्यबात प्रस्तुत किया। वाइस प्रिंसिपल उम्मे अम्मारा ने स्वागत भाषण दिया। सेमिनार में दस छात्राओं ने अल्लामा शिबली नोमानी की जिंदगी के विभिन्न पहलुओं पर शोधपत्र प्रस्तुत किए।
जामिया के प्रिंसिपल दिलशाद अहमद इस्लाही जामई ने कहा कि सेमिनार का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने महान विद्वानों के शैक्षणिक, साहित्यिक और शोध संबंधी योगदान से परिचित कराना है। साथ ही छात्राओं में अध्ययन, शोध, लेखन और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
मुख्य अतिथि एवं दारुल मुसन्निफीन के कार्यकारी सचिव डॉ. मोहम्मद इलियास आजमी ने शिबली नोमानी की जिंदगी के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिबली के शहर और उनके घर में बैठकर नई पीढ़ी को यह बताना पड़े कि शिबली कौन थे, यह हमारे लिए आत्ममंथन का विषय है।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रोफेसर अबू सुफियान इस्लाही अलीग ने छात्राओं के शोधपत्रों की सराहना की और अल्लामा शिबली के महिला शिक्षा संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर अबू सुफियान इस्लाही की पुस्तक ‘तफसीर मीसाकुल कुरआन’ का विमोचन किया गया। जामिया के नाजिम लईक अहमद इस्लाही ने अतिथियों को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
अंत में पिछले शैक्षणिक सत्र में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मेडल, प्रमाणपत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. हिफ्जुर्रहमान इस्लाही, मोहम्मद सालेम, डॉ. मोहम्मद खालिद, अबू सालेम, अब्दुल हफीज सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
Post a Comment