मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मुंबई जोनल कार्यालय ने अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े कथित जबरन वसूली और फर्जी दस्तावेजों के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने छोटा शकील के साले सलीम इकबाल कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट, उसकी पत्नी शाजिया सलीम इकबाल कुरैशी सहित पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 4 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों और बैंक खातों को अस्थायी रूप से जब्त किया है।
ईडी की कार्रवाई के दायरे में सलीम इकबाल कुरैशी, शाजिया सलीम इकबाल कुरैशी, असलम अब्दुल रहमान पटनी, शब्बीर अहमद हसन करोलिया और यूसुफ अहमद हसन करोलिया शामिल हैं।
जांच के अनुसार, कथित जबरन वसूली और फर्जी दस्तावेजों के जरिए संपत्तियों के लेन-देन से जुड़े मामलों में यह कार्रवाई की गई है। जब्त की गई संपत्तियों में मुंबई के डोंगरी इलाके की चर्चित लैंबट बिल्डिंग भी शामिल बताई गई है।
ईडी की इस कार्रवाई को मुंबई में कथित अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। करीब चार करोड़ रुपये की संपत्ति और बैंक खातों की अस्थायी कुर्की से संबंधित लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
Post a Comment