डकैती की योजना बना रहे चार शातिर गिरफ्तार, चोरी का सोना-चांदी और तमंचा बरामदरोजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन थाना क्षेत्रों की चोरी की घटनाओं का खुलासा; 21 ग्राम पीली धातु, 616 ग्राम चांदी और 13,050 रुपये बरामद





शाहजहांपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रोजा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से विभिन्न चोरी की घटनाओं से संबंधित सोने-चांदी की धातु, नकदी, तमंचा और कारतूस समेत वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर रोजा पुलिस ने सुतनेरा मोड़ मुकरमपुर के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद मोहम्मद, जुनैद, उस्मान और फहीम निवासी मोहल्ला लोधीपुर, थाना रोजा के रूप में हुई है।
चोरी का माल और वारदात के औजार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 21 ग्राम पीली धातु, 616 ग्राम सफेद धातु और 13,050 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, हथौड़ा, पेचकस और कटर भी मिला है। बरामद माल रोजा और तिलहर थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित बताया गया है।

कई मुकदमों में दर्ज है आरोपियों का नाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी, लूट, गैंगस्टर और शस्त्र अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद थाना रोजा में डकैती की योजना बनाने और बरामदगी के संबंध में मुकदमा संख्या 506/26 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम: थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सागर, अभिषेक सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
शाहजहांपुर पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी और डकैती की वारदातों में संलिप्त गिरोह पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post