मुंबई लोकल में छुपकर महिलाओं का VIDEO फिर AI से नग्न फोटो बनाकर INSTAGRAM पर वायरल, 11 हजार व्यूज बटोरे दक्षिण सायबर पुलिस ने वसई के टेलर को दबोचा




मुंबई:लोकल ट्रेन में सफर करने वाली महिलाओं के लिए चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दक्षिण सायबर पुलिस, गुन्हे शाखा मुंबई ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो लोकल ट्रेन में महिलाओं के चोरी-छिपे वीडियो बनाता था और फिर AI की मदद से उन्हें नग्न / अर्धनग्न (Morphed) में बदलकर इंस्टाग्राम पर व्यूज के लिए पोस्ट करता था।
22 जून 2026 की रात 8.35 बजे चर्चगेट से विरार फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास जनरल डिब्बे में 19 साल की एक कॉलेज छात्रा अपनी सहेली के साथ सफर कर रही थी। उसी दौरान एक अनजान शख्स ने उनकी बिना इजाजत के चोरी-छिपे वीडियो बना ली।
आरोपी ने ये वीडियो 27 जून 2026 को "pile6531" नाम की इंस्टाग्राम आईडी पर रील बनाकर अपलोड कर दी, जिससे छात्रा की बदनामी हुई। ये रील 11,000 से ज्यादा बार देखी गई। पीड़िता की शिकायत पर 19 अक्टूबर 2026 को दक्षिण सायबर थाने में केस दर्ज हुआ।
आरोपी का नाम-पता कुछ भी पता नहीं था। उसने "Playboy" नाम से लड़की का फोटो लगाकर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। पुलिस ने टेक्निकल एनालिसिस और बहुस्तरीय जांच से उसे ट्रेस कर अरेस्ट कर लिया।
मोबाइल चेक करने पर पुलिस के होश उड़ गए। आरोपी के फोन में कई महिलाओं के ऐसे ही चोरी से बनाए गए फोटो-वीडियो मिले, जिन्हें AI ऐप से Morphed कर इंस्टाग्राम पर डाला गया था।
गिरफ्तार आरोपी 
मोहम्मद साबीर मोहम्मद रुस्तम, उम्र 31 साल, पेशा - टेलर, रहने वाला वसई (पूर्व), जिला पालघर, मूल निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश।
पुलिस ने उसके पास से OPPO कंपनी का मोबाइल जब्त किया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लोकल ट्रेन, स्टेशन या सार्वजनिक जगह पर महिलाओं के गुप्त फोटो-वीडियो निकालना अपराध है, तुरंत रेलवे पुलिस / 112 पर बताएं। सोशल मीडिया पर किसी का Morphed या AI-निर्मित अश्लील फोटो-वीडियो मिले तो फॉरवर्ड या शेयर न करें, ये गंभीर जुर्म है। तुरंत 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें। पीड़िता की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post