फरिहा में मकान से करीब एक कुंतल मांस बरामद चार आरोपियों पर मुकदमा दर्जपुलिस की छापेमारी में चापड़, इलेक्ट्रॉनिक तराजू व अन्य सामान बरामद, आरोपियों की तलाश जारी





आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव में शुक्रवार देर रात पुलिस ने गोवंश काटकर मांस बेचने की सूचना पर एक मकान में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, मौके से तीन प्लास्टिक की बोरियों में रखा लगभग एक कुंतल संदिग्ध गोमांस बरामद किया गया। इसके अलावा चापड़, लकड़ी का ठीहा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, प्लास्टिक की थैलियां और अन्य सामान भी मिला है।
मिली जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार राय पुलिस टीम के साथ फरिहा पुलिस बूथ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरिहा गांव निवासी जाहिद पुत्र मैनुद्दीन के मकान में गोवंश काटकर मांस बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
पुलिस का दावा है कि मकान के अंदर कुछ लोग मौजूद थे, जबकि कुछ लोग छत के रास्ते अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने बरामद मांस और अन्य सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में चार आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दूध देने वाली गाय को लाकर मांस बेचने के उद्देश्य से काटा गया था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। कुछ स्थानीय लोगों ने फरिहा के अलावा चकिया हुसैनाबाद, घूरीपुर, बड़हरिया और ग्राम खुदादादपुर सहित अन्य स्थानों पर भी ऐसी घटनाएं होने की बात कही है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ से ब्यूरो चीफ
सरफ़राज़ अहमद

Post a Comment

Previous Post Next Post