संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर
आजमगढ़ सरायमीरनवरात्रि, दशहरा मेला एवं अन्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी निजामाबाद अतुल आनंद ने की। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों तथा कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों के संभ्रांत लोगों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी निजामाबाद अतुल आनंद ने स्पष्ट कहा कि दशहरा के अवसर पर दुर्गा पूजा पंडाल उसी स्थान पर लगाए जाएंगे, जहां पूर्व वर्षों में लगाए जाते रहे हैं। किसी भी नई परंपरा को शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने दुर्गा पूजा समितियों से अपने-अपने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और आयोजन के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अयान जैन ने कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। दुर्गा पूजा पंडालों में धार्मिक गीत एवं भजन बजाए जाएं तथा किसी भी प्रकार के विवादित या आपत्तिजनक गाने नहीं बजाए जाएं, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या शांति व्यवस्था प्रभावित हो।
मार्टिनगंज के उपजिलाधिकारी बलिराम गुप्ता ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो सबसे पहले संबंधित थाने को सूचित करें। इसके बाद क्षेत्राधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों को भी जानकारी दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश पांडेय ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने या किसी भी प्रकार की शरारत एवं अव्यवस्था फैलाने वालों को पकड़कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने दुर्गा पूजा समितियों और स्थानीय नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल देने की अपील की, ताकि समय रहते उसका निस्तारण किया जा सके।
बैठक में थाना क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य, कस्बे के गणमान्य नागरिक और ग्रामीण क्षेत्रों के संभ्रांत व्यक्ति उपस्थित रहे।
Post a Comment