शाहजहांपुर। रोजा मंडी में क्रय केंद्रों पर किसानों का धान न तौले जाने की शिकायत मिलने पर गुरुवार को ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह अचानक मंडी पहुंच गए। विधायक के निरीक्षण से क्रय केंद्रों पर हड़कंप मच गया। किसानों की समस्याएं सुनने और केंद्रों पर अव्यवस्थाएं मिलने के बाद विधायक ने संबंधित प्रभारियों को जमकर फटकार लगाई।
किसानों ने विधायक को बताया कि वे बुधवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आरएफसी क्रय केंद्र पर पहुंचे थे, लेकिन केंद्र प्रभारी ने उनकी बात ठीक से नहीं सुनी। कागजात पूरे न होने की बात कहकर धान की तौल नहीं की गई। इस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों के कागजात पूरे हैं और धान सरकारी मानकों के अनुरूप है, उनकी तौल तत्काल शुरू कराई जाए।विधायक के निर्देश के बाद केंद्र पर धान की तौल शुरू कराई गई। किसानों ने यह भी शिकायत की कि उनके कागजात का सत्यापन नहीं हो पा रहा है। इस पर विधायक ने तहसीलदार को मंडी बुलाकर किसानों के दस्तावेजों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान बेचने में अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।निरीक्षण के दौरान रोजा मंडी सचिव धनंजय कुमार सिंह, मंडी कर्मचारी अभिषेक सिंह, अजय कुमार, चंद्रभूषण मौर्य सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment