संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर
आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र के डुमरी मखदूमपुर गांव में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर 16 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अबू तल्हा पुत्र नूरुल ऐन ने 22 अक्टूबर 2026 को सरायमीर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, 21 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। रात करीब 3 बजे अबू तल्हा के भाई को घर में कुछ लोगों की आहट सुनाई दी। जागकर बाहर निकलने पर उन्हें कुछ अज्ञात लोग कमरे से बाहर आते दिखाई दिए।
परिवार के सदस्य को देखते ही चोर भागने लगे। उन्होंने चोरों का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर सभी फरार हो गए। जांच करने पर पता चला कि चोर अलमारी का लॉक तोड़कर आठ सोने की अंगूठियां, कान के छह आभूषण, चांदी की दो जोड़ी पायल और 16 हजार रुपये नकद ले गए।
पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।
Post a Comment