भाजपा जिला कार्यालय में नेताओं के बीच कहासुनी, हंगामे का वीडियो वायरल




आजमगढ़। जजी मैदान के पीछे स्थित भाजपा के जिला पार्टी कार्यालय में रविवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब बैठक के दौरान पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंचने की चर्चा सामने आई।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेता ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू कुछ लोगों से बहस करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी कार्यालय के सभागार में निर्धारित कार्यक्रम के तहत बैठक चल रही थी। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह के अलावा पार्टी के कई पदाधिकारी, संभावित प्रत्याशी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
इसी दौरान किसी मुद्दे को लेकर नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ने पर माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। इसके बावजूद काफी देर तक पार्टी कार्यालय में गहमागहमी का माहौल बना रहा।
घटना के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किन मुद्दों को लेकर नेताओं के बीच कहासुनी हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। वहीं, वायरल वीडियो को लेकर भी भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्ट प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post