आजमगढ़ देवगांव वांछित एवं इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देवगांव पुलिस, सर्विलांस सेल एवं स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामिया गैंगस्टर अभियुक्त फैजान उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गोवध, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 6 अक्टूबर को उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना देवगांव में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित फैजान उर्फ गुल्लू पुत्र कयूम निवासी ग्राम बक्सपुर, थाना बरदह अपने घर की ओर जा रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और दादा चौक/ग्राम चौकी मोड़ से करीब 150 मीटर दूर उसे सुबह करीब 11:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार फैजान उर्फ गुल्लू अपने साथियों के साथ कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। जनवरी 2024 में कंजहिता बाजार स्थित एक दुकान से CCTV कैमरा और जेवरात चोरी करने तथा बोलेरो वाहन चोरी करने के प्रयास का मुकदमा उसके खिलाफ दर्ज हुआ था। इसके अलावा 21 जनवरी 2024 को गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने के मामले में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
फैजान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 8 सितंबर 2026 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार फरार रहने पर 16 सितंबर 2026 को डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आजमगढ़ के देवगांव, बरदह, फूलपुर, सिधारी, रानी की सराय, मेहनगर और सरायमीर समेत विभिन्न थानों तथा जौनपुर के केराकत व खेतासराय थानों में कुल 20 अभियोग पंजीकृत हैं। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, कांस्टेबल तेजस शुक्ला तथा सर्विलांस सेल/स्वाट टीम के मु.आ. संजय सिंह, मु.आ. अखिलेश चौधरी और मु.आ. उपेन्द्र सिंह चन्देल शामिल रहे। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment