मुबारकपुर, आजमगढ़। जगत शिल्पी भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती बुधवार को मुबारकपुर क्षेत्र में ग्रामीण और शहरी इलाकों में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कल-कारखानों, बिजली विभाग, लोहे के कारखानों तथा लकड़ी से संबंधित प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की गई।
जयंती से एक दिन पूर्व ही विभिन्न प्रतिष्ठानों, दुकानों और कारखानों में साफ-सफाई के साथ सजावट का कार्य शुरू कर दिया गया था। लोगों ने अपने वाहनों और प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई करने के बाद शिल्प देव भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर मुबारकपुर के ठाकुरद्वारा स्थित निर्माणाधीन श्री विश्वकर्मा मंदिर तथा नूरपुर सराय हाजी स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए रोडवेज चौक पहुंची, जहां दोनों शोभायात्राएं एक साथ हुईं। इसके बाद जुलूस राम-जानकी मंदिर, छोटी अर्जेंटी, पुरानी बस्ती, सब्जी मंडी और कटरा मुबारकपुर होते हुए पुनः ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंचा। वहीं दूसरी शोभायात्रा अलीनगर चौक होते हुए नूरपुर सराय हाजी स्थित विश्वकर्मा मंदिर पहुंचकर सकुशल संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान डीजे की धुनों के बीच भगवान विश्वकर्मा की आरती की गई। श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरित कर एक-दूसरे के मंगल एवं सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।
मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में शोभायात्रा को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष शशि चंद्र चौधरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी निगाह बनाए रखी। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने विभिन्न स्थानों पर मौजूद रहकर शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर अध्यक्ष अंबिका विश्वकर्मा, नूरपुर अध्यक्ष हरिश्चंद्र शर्मा, डॉ. नगीना, रामजीत विश्वकर्मा, महेश विश्वकर्मा, रवि विश्वकर्मा, हरिओम, राकेश विश्वकर्मा, नन्कू विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टरअमित तिवारी
Post a Comment