संवाददाता सरफराज अहमद
आजमगढ़। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से दो पासपोर्ट बनवाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूर्व में बनवाए गए पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर दूसरे नाम से नया पासपोर्ट बनवाया था। मामले में बीएनएस और पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, उकरौड़ा निवासी मनोज सरोज उर्फ सनोज पासवान पुत्र जीतू उर्फ जीत बहादुर पासवान ने वर्ष 2018 में मनोज सरोज के नाम से पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद वर्ष 2023 में पूर्व पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर सनोज पासवान के नाम से दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया। दोनों पासपोर्ट में अलग-अलग जन्मतिथि दर्ज थी। जांच के दौरान अलग-अलग दस्तावेजों के आधार पर दोनों पासपोर्ट बनवाए जाने की पुष्टि हुई।
इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 369/2026 दर्ज किया गया था। मुकदमे में बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(बी) के तहत कार्रवाई की गई।
कोतवाली पुलिस टीम ने 2 सितंबर 2026 को आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में मनोज सरोज के नाम से बने पासपोर्ट से वह बैंकॉक गया था। बाद में उसने दूसरे नाम से पासपोर्ट बनवाने की बात भी पुलिस को बताई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उदय शंकर तिवारी, कांस्टेबल सचिन कुमार, कांस्टेबल सुमित कुमार तथा कोबरा-6 के हेड कांस्टेबल अजब नारायण सिंह और कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।
Post a Comment