माहिम में ओल्ड कैडल रोड पर सम-विषम पार्किंग लागू, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत




मुंबई, 18 सितंबर 2026
माहिम ट्रैफिक डिवीजन के अंतर्गत ओल्ड कैडल रोड/स्वातंत्र्यवीर सावरकर रोड पर स्थायी रूप से सम-विषम पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी गई है। यह व्यवस्था माहिम जंक्शन से हरिओम जंक्शन तक लगभग 500 मीटर लंबे हिस्से पर लागू होगी।
पुलिस उप आयुक्त (मुख्यालय एवं मध्य विभाग) यातायात डॉ. दीपाली धाटे द्वारा जारी स्थायी अधिसूचना के अनुसार, यह आदेश आज 18 सितंबर 2026 को मध्यरात्रि 00:01 बजे से लागू हो गया है।
उक्त सड़क माहिम जंक्शन से शुरू होकर हरिओम जंक्शन होते हुए दक्षिण मुंबई की ओर जाती है। यह सड़क एकतरफा मार्ग है। सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक दक्षिण दिशा में और दोपहर 1:30 बजे से अगले दिन सुबह 7:00 बजे तक उत्तर दिशा में यातायात चलता है।
सड़क के दोनों ओर आवासीय कॉलोनियां और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल मखदूम अली महिमी शाह बाबा दरगाह होने के कारण भक्त बड़ी संख्या में आते हैं और दोनों तरफ वाहन पार्क कर देते हैं। इससे भारी ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा होती थी। बढ़ते वाहनों, पार्किंग की कमी और स्थानीय निवासियों व भक्तों की असुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
सम-विषम पार्किंग के नियमः
ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार महीने की सम तारीखों (2, 4, 6...) को सड़क के बाईं तरफ वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
विषम तारीखों (1, 3, 5...) को सड़क के दाईं तरफ वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
यह व्यवस्था मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत जारी की गई है। यातायात पुलिस का कहना है कि इससे जाम की समस्या कम होगी और सड़क पर सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा।

 संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post