चोरी प्रेम प्रसंग के शक में युवक की पिटाई, एक आरोपी गिरफ्तार






संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर

आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के टेवखर गांव में चोरी और प्रेम प्रसंग के संदेह में एक युवक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जवाहिर उर्फ विनोद राजभर (32) पुत्र स्व. हंसराज राजभर, निवासी टेवखर राजभर बस्ती, थाना सरायमीर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर 2026 की शाम करीब सात बजे मो. तारिक (28) पुत्र अब्दुल कयूम छित्तेपुर बाजार से रंगडीह-टेवखर मार्ग होते हुए अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि टेवखर गांव की राजभर बस्ती के पास कुछ लोगों ने चोरी और प्रेम प्रसंग के शक में उसे रोक लिया। इसके बाद जवाहिर उर्फ विनोद, सचिन, सर्वेश, अप्पु, नितिन राजभर सहित कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट की। मारपीट में युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

मामले में तहरीर के आधार पर थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 238/26 के तहत धारा 109(1), 115(2) और 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश भी पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को उपनिरीक्षक नीरज गौड़ पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपियों की तलाश में टेवखर गांव पहुंचे। वहां जवाहिर उर्फ विनोद अपने घर पर मिला, जिसे रात करीब 10:55 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक डंडा बरामद करने की बात कही है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती की माफी मांगते हुए अपना बयान न्यायालय में देने की बात कही।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नीरज गौड़, उपनिरीक्षक प्रशान्त सिंह, हेड कांस्टेबल विजय प्रकाश, कांस्टेबल मुन्दन कुमार और महिला कांस्टेबल अंजू यादव शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post