शाहजहांपुर में जमीन के विवाद को लेकर एक महिला ने दबंगों पर मारपीट, गाली-गलौज और प्लॉट पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपने प्लॉट को कब्जा मुक्त कराने और न्याय दिलाने की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने के बावजूद उसे राहत नहीं मिली, बल्कि उल्टा धमकाया गया।
पूरा मामला शाहजहांपुर के थाना सिंधौली क्षेत्र के ग्राम गढ़ैया की रहने वाली सलोनी पत्नी राममूर्ति से जुड़ा बताया जा रहा है।
9 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में सलोनी ने बताया कि उसके पति ने सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम चिनौर में एक प्लॉट खरीदा था और उस पर नींव भरने का काम कराया गया था।
पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद महेश पुत्र श्रीराम, धर्मेंद्र पुत्र राकेश समेत कुछ लोगों ने कथित तौर पर प्लॉट पर पहुंचकर उसकी नींव को तोड़ दिया। सलोनी का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई और उसे वहां से भगा दिया गया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसने 20 अगस्त 2026 को थाना सदर बाजार में लिखित प्रार्थना पत्र दिया। आरोप है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और प्लॉट की पैमाइश कराकर मामला सुलझाने की बात कही।
सलोनी के अनुसार, जब वह अपने प्लॉट पर पहुंची तो वहां फिर से महेश ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि दोबारा थाने पहुंचने पर पुलिस ने उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की और उल्टा उसे ही धमकाया गया।
अब पीड़िता ने जिलाधिकारी शाहजहांपुर से पूरे मामले की जांच कराकर अपने प्लॉट को कथित कब्जे से मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामला जमीन के विवाद से जुड़ा है और प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अब देखना होगा कि जिलाधिकारी स्तर से इस शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment