पुवायां, शाहजहाँपुर। बाबा के बैंक खाते से 40 हजार रुपये निकालकर ऑनलाइन गेम में गंवाने के बाद 12 वर्षीय बालक पूछताछ के डर से घर से भाग गया। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। करीब 24 घंटे बाद बालक खुद घर लौट आया, जिसके बाद पुलिस की पूछताछ में ऑनलाइन गेम में रकम हारने की जानकारी सामने आई।
गांव कलंदरगंज निवासी बालक ऑनलाइन गेम खेलता था। गेम में रुपये लगाने के लिए उसने अपने बाबा का बैंक खाता जोड़ रखा था। छह सितंबर को उसने खाते से 40 हजार रुपये निकालकर ऑनलाइन गेम में लगा दिए, जिसमें पूरी रकम हार गया। खाते से रुपये निकलने का मैसेज आने पर बाबा ने उससे पूछताछ करने की बात कही।
पूछताछ के डर से बालक सात सितंबर को घर से निकल गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो पिता ने पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो बालक के ऑनलाइन गेम खेलने और उसमें 40 हजार रुपये हारने की जानकारी सामने आई।
बताया गया कि घर से निकलने के बाद बालक शाहजहांपुर गया और वहां से गोला चला गया। करीब 24 घंटे बाद वह वापस घर लौट आया। पुलिस को जानकारी मिलने पर उससे पूछताछ की गई।
सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि बालक घर पहुंच गया है। परिजन चाहेंगे तो रुपये गायब होने के मामले की जांच कराई जाएगी।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment