शाहजहांपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने बुधवार को जिले में अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की। मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत स्कूलों के आसपास की गई जांच में पांच निजी वाहनों को विभिन्न थानों में सीज किया। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर 14 से 19 सितंबर तक चल रहे अभियान के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन हरिओम के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को कई स्कूलों के आसपास वाहनों की जांच की। इस दौरान स्कूली बच्चों के परिवहन में नियमों का उल्लंघन करते मिले पांच निजी वाहनों को पकड़कर थानों में खड़ा कराया गया। जांच के दौरान एक ओवरलोड माल वाहन को थाना रामचंद्र मिशन और एक बस को सेटेलाइट बस स्टैंड पर निरुद्ध किया गया। एक अन्य बस का चालान किया गया। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर दो ऑटो रिक्शा के भी चालान किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान यात्री/माल कर अधिकारी आरपी गौतम, यातायात उपनिरीक्षक विनय कुमार पांडेय समेत परिवहन और यातायात विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment