संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के नई बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर ठाकुरद्वारा से मुकुट, नथुनी और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने वांछित महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का सामान और 403 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आ चुका है।
जानकारी के अनुसार 6 सितंबर को नई बाजार निवासी दुर्गेश पाण्डेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 5 सितंबर की दोपहर करीब 2:38 से 2:45 बजे के बीच एक अज्ञात महिला मंदिर में प्रवेश कर राम दरबार और दुर्गा माता के गर्भगृह में पहुंची। महिला ने वहां से चांदी का मुकुट, सोने की नथुनी और कुछ नकदी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर सरायमीर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 227/26 धारा 305(डी) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्ता की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मंदिर में चोरी करने वाली महिला नन्दाव मोड़ पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर किरन बारी (50) पत्नी बिनोद कुमार बारी निवासी गौरा पलवारी, थाना जैतपुर, जनपद अम्बेडकरनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर खानपुर स्कूल के पास झाड़ियों से एक सफेद धातु का चपटा मुकुट, पीली धातु की नथुनी, जिसमें सफेद और काले नग लगे थे, तथा कुल 403 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला के विरुद्ध जौनपुर और अम्बेडकरनगर में चोरी, आबकारी अधिनियम समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल धीरज मिश्रा, कांस्टेबल आलोक सिंह और महिला कांस्टेबल संजू सिंह शामिल रहीं।
Post a Comment