आजमगढ़। मोहम्मदाबाद-चुनुगपार रोड मोड़ स्थित एक स्पा सेंटर को लेकर मिली शिकायत ने रविवार को इलाके में हलचल मचा दी। शिकायत में नाबालिग लड़कियों से मसाज कराने और स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार संचालित किए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 की संयुक्त टीम ने अचानक सेंटर पर दस्तक दे दी।
अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम ने सेंटर के अंदर पहुंचकर कर्मचारियों और व्यवस्थाओं की जांच शुरू की। हालांकि जांच पूरी होने के बाद तस्वीर शिकायत में लगाए गए आरोपों से बिल्कुल अलग सामने आई। मौके पर केवल दो कर्मचारी मिले और दोनों की उम्र की जांच में बालिग होने की पुष्टि हुई।
जांच टीम को मौके से न तो कोई नाबालिग मिला और न ही देह व्यापार अथवा किसी अन्य अनैतिक गतिविधि से संबंधित कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य हाथ लगा। इस तरह शिकायत में लगाए गए सबसे गंभीर आरोपों की मौके पर पुष्टि नहीं हो सकी।
आरोपों की पुष्टि नहीं, लेकिन व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
छापेमारी के दौरान भले ही देह व्यापार और नाबालिगों से संबंधित आरोपों का कोई प्रमाण नहीं मिला, लेकिन सेंटर की व्यवस्थाओं ने जरूर सवाल खड़े कर दिए। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के पास मसाज कार्य से संबंधित प्रशिक्षण या प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। वहीं आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक फायर सेफ्टी इंतजाम भी नदारद पाए गए।
चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के उपनिरीक्षक उमेश कुमार और संजय शाही ने बताया कि 25 अगस्त को प्राप्त शिकायत के आधार पर संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर की जांच की थी। जांच में नाबालिगों से मसाज कराने अथवा देह व्यापार से संबंधित कोई तथ्य सामने नहीं आया। हालांकि नियमों के पालन में मिली कमियों को लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत ने बढ़ाई हलचल, जांच ने साफ की तस्वीर
गंभीर आरोपों वाली शिकायत के बाद हुई कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं, लेकिन मौके पर जांच के बाद नाबालिगों और देह व्यापार से जुड़े आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। अधिकारियों ने साफ किया कि किसी भी संस्थान के संबंध में संदिग्ध गतिविधि या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी और तथ्य सामने आने पर वैधानिक कार्रवाई होगी।
छापेमारी टीम में उपनिरीक्षक उमेश कुमार, संजय शाही, मोनी राय, हेड कांस्टेबल रामजन्म और प्रदीप पांडेय शामिल रहे।
Post a Comment