संवाददाता रामजीत कुमार
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित वाहन इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर ग्राहकों से ठगी करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ओप्पो मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि की ओर से न्यायालय के आदेश पर दी गई तहरीर के आधार पर थाना मुबारकपुर में रवि कुमार झा और अंकित जायसवाल के विरुद्ध फर्जी इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर आम लोगों से धोखाधड़ी एवं ठगी करने के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 298/2026 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3) एवं 340(2) के तहत कार्रवाई की गई।
5 सितंबर 2026 को गिरफ्तारी:
पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी पर बड़ी अर्जेंटी तिराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी रवि कुमार झा रोडवेज तिराहे के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 13:05 बजे रोडवेज तिराहे से कुछ दूरी पहले, कस्बा मुबारकपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया ठगी का तरीका
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह ग्राहकों से रुपये लेकर रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी एवं कूटरचित इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार करता था और इसके माध्यम से अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार झा पुत्र विनोद झा, उम्र करीब 28 वर्ष, वर्तमान पता जे-1/44 चाणक्य प्लेस पार्ट-1, उत्तमनगर जनकपुरी, नई दिल्ली तथा मूल निवासी भासर चौक, वार्ड नंबर-10, थाना एवं जिला सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, चौकी प्रभारी, कांस्टेबल कुलदीप सरोज और कांस्टेबल मुकुन्द मिश्रा, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ शामिल रहे।
Post a Comment