यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौतजेवर एयरपोर्ट के पास हादसा, खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्रियों ने बचाई जान; बस के तीन कर्मचारी गिरफ्तार





नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में चलती स्लीपर एसी बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें आठ पुरुष और एक महिला शामिल बताए जा रहे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस के अंदर फंस गए और उनके शव बुरी तरह झुलस गए।
बताया गया कि बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी और उसमें करीब 35 यात्री सवार थे। जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर आगे पहुंचते ही बस में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद एक यात्री ने आरोप लगाया कि बस का ड्राइवर और क्लीनर सिगरेट पी रहे थे तथा यात्रियों ने उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश की थी। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत और बचाव अभियान करीब दो घंटे तक चला। बस में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए उसका पिछला हिस्सा काटना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, बस के खिलाफ पहले से 19 चालान दर्ज थे और करीब 1.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका था। मामले में दो ड्राइवर पवन और विनोद तथा कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में एसी सिस्टम में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पत्रकार अंकित कुमार शर्मा
प्रहारी मुंबई न्यूज, यूपी

Post a Comment

Previous Post Next Post