मुंबई। उत्तर परिमंडल-3 के अंतर्गत विभिन्न पुलिस थानों की सीमा में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले 10 सराईत अपराधियों के खिलाफ मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को एक वर्ष के लिए मुंबई शहर और मुंबई उपनगर जिले की सीमा से तड़ीपार (Externment) कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इन अपराधियों के खिलाफ मारपीट, धमकी, हफ्ता वसूली, खंडणी, जबरन चोरी, घातक हथियारों का भय दिखाकर पैसे ऐंठने, अमली पदार्थों की बिक्री सहित सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण संबंधित क्षेत्रों में भय का माहौल बनने की शिकायतें सामने आ रही थीं।
पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 56 (1) (अ) (ब) और धारा 55 के तहत कार्रवाई करते हुए इन 10 अपराधियों के खिलाफ तड़ीपार के आदेश जारी किए हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
तड़ीपार किए गए अपराधियों को निर्धारित अवधि के दौरान मुंबई शहर और मुंबई उपनगर जिले की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन कर सीमा में प्रवेश करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: जावेद शेख
Post a Comment