संवाददाता प्रभाकर यादव
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं पेशेवर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्रीराम मंदिर ट्रस्ट का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के Western Air Command के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1986 में भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त किया था। अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने फाइटर पायलट के साथ-साथ टेस्ट पायलट के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
जितेंद्र मिश्रा को 3,000 से अधिक घंटे की उड़ान का अनुभव है और उन्होंने भारतीय वायुसेना में 38 वर्ष से अधिक समय तक सेवा दी। वह NDA, पुणे के पूर्व छात्र भी हैं। सैन्य सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें उत्तम युद्ध सेवा मेडल (YSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) जैसे प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
वह 30 अप्रैल 2026 को भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए। सैन्य प्रशासन, नेतृत्व और बड़े स्तर पर संचालन का उनका लंबा अनुभव अयोध्या में राम मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज में सैन्य अनुशासन, प्रबंधन क्षमता और बेहतर समन्वय को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Post a Comment