महंगाई का एक और झटका, बढ़ सकते हैं बिस्किट, साबुन और तेल के दाम





दिल्ली आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लग सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े उत्पाद बनाने वाली एफएमसीजी कंपनियां सितंबर तिमाही में बिस्किट, साबुन, खाद्य तेल समेत कुछ उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कच्चे माल की बढ़ती लागत के साथ-साथ पाम ऑयल और चीनी जैसी प्रमुख जिंसों की कीमतों में आए उछाल से कंपनियों की उत्पादन लागत बढ़ी है। इसके अलावा वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण भी लागत और आपूर्ति पर दबाव बढ़ने की बात सामने आ रही है।
कंपनियां बढ़ती लागत का असर कम करने और अपने मार्जिन को बनाए रखने के लिए उत्पादों की कीमतों में संशोधन का विकल्प अपना सकती हैं। यदि कीमतों में बढ़ोतरी होती है तो इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले इन उत्पादों की कीमतों में मामूली वृद्धि भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के मासिक खर्च को प्रभावित कर सकती है। हालांकि, अलग-अलग कंपनियों और उत्पादों की कीमतों में कितनी वृद्धि होगी, यह उनके लागत दबाव और व्यावसायिक निर्णयों पर निर्भर करेगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से ए.के. सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post