चार दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम का शव पोखरी में मिला, गांव में शोक



संवाददाता अमित तिवारी 

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में चार दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम का शव रविवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पोखरी में उतराता मिला। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सिकठी गांव के उत्तर मोहल्ला निवासी वहाबुद्दीन का पांच वर्षीय पुत्र मोहम्मद आरिज बीते दिनों घर के बाहर खेलने के लिए निकला था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मुबारकपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई और परिजन लगातार उसकी खोजबीन में जुटे रहे।
रविवार को गांव की एक पोखरी में मासूम का शव उतराता देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post