संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़ लालगंज देवगांव थाना क्षेत्र के कालीचाबाद गांव में रविवार दोपहर पोखरे में डूबने से दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कालीचाबाद गांव निवासी अंशु मौर्य (17) रविवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के पोखरे में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए किनारे पर मौजूद अल्तमस (16) तत्काल पोखरे में कूद गया, लेकिन बचाव के प्रयास में वह भी गहरे पानी की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों किशोर डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों को पोखरे से बाहर निकालकर सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर देवगांव थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
Post a Comment