अनन्या हॉस्पिटल का पूर्व सांसद बीपी सरोज ने फीता काटकर किया शुभारंभ




संवाददाता हाफ़िज़ नियामत 

मछलीशहर (जौनपुर)। नगर के मीरपुर चौराहा स्थित अनन्या हॉस्पिटल का रविवार को पूर्व सांसद बीपी सरोज द्वारा फीता काटकर एवं शुभारंभ पट्टिका का अनावरण कर विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक एवं समाजसेवी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बीपी सरोज ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि अनन्या हॉस्पिटल के शुरू होने से मछलीशहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें छोटे-बड़े उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह संस्थान मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विजय पासी (MBBS, MD), डॉ. आर.बी. चौहान, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अजय सरोज, जिला पंचायत सदस्य जवाहर लाल सरोज, प्रधान अरुण कुमार सरोज, विजय सरोज, प्रधान जगन्नाथ मौर्य, राकेश कुमार बिंद, प्रधान जय गुप्ता, प्रधान विजय बिंद, संतोष पासी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हॉस्पिटल के डायरेक्टर दिनेश कुमार सरोज एवं प्रीतम पासी ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। अतिथियों ने अस्पताल का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली तथा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के इस प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम का समापन सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने अनन्या हॉस्पिटल के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।।

Post a Comment

Previous Post Next Post