गणेश दत्त मिश्रा के निलंबन के खिलाफ परिवहन कर्मचारी संघ लामबंद, बहाली की मांग




जौनपुर एआरटीओ कार्यालय में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात गणेश दत्त मिश्रा के निलंबन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश परिवहन कर्मचारी संघ ने निलंबन कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे समाप्त कर गणेश दत्त मिश्रा को तत्काल सेवा में बहाल किए जाने की मांग की है।
संघ के प्रांतीय महासचिव आशुतोष तिवारी और प्रांतीय अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने 24 अगस्त को अपर परिवहन आयुक्त प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ को पत्र भेजकर निलंबन कार्रवाई को नियमविरुद्ध तथा जांच रिपोर्ट को पूर्वाग्रहपूर्ण बताया है।
संघ ने 22 अगस्त को उप परिवहन आयुक्त वाराणसी परिक्षेत्र और संभागीय परिवहन अधिकारी वाराणसी की संयुक्त जांच आख्या का हवाला देते हुए कहा कि संबंधित पत्रावली का गहन परीक्षण नहीं किया गया और कर्मचारी का पक्ष भी समुचित रूप से नहीं सुना गया। जांच में पांच वाहनों की बॉडी निर्माण के लिए अस्थायी पंजीयन प्रमाण-पत्र जारी किए जाने का उल्लेख किया गया है।
संघ के मुताबिक, दो वाहनों के प्रमाण-पत्र 18 अगस्त और तीन वाहनों के प्रमाण-पत्र 19 अगस्त को जारी किए गए थे। जांच रिपोर्ट में वाहनों के भौतिक निरीक्षण और चेसिस सीज किए जाने को लेकर उठाए गए सवालों पर भी संघ ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। संघ का दावा है कि वाहन स्वामी द्वारा प्रस्तुत ई-स्टाम्प 21 अगस्त को खरीदा गया था, जिससे 21 अगस्त तक सभी अभिलेख पूर्ण होने संबंधी आरोपों पर सवाल खड़े होते हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि गणेश दत्त मिश्रा 19 अगस्त को शासकीय कार्य से लखनऊ तथा 20 और 21 अगस्त को उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में उपस्थित थे। संघ ने जांच में मीडिया ट्रायल के प्रभाव की आशंका जताते हुए सभी तथ्यों को विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई में शामिल करने की मांग की है।
परिवहन कर्मचारी संघ ने अपर परिवहन आयुक्त से गणेश दत्त मिश्रा का निलंबन समाप्त कर उन्हें सेवा में बहाल किए जाने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतियां परिवहन आयुक्त, उप परिवहन आयुक्त वाराणसी तथा संभागीय परिवहन अधिकारी वाराणसी को भी भेजी गई हैं।

मिडिया रिपोर्ट शुभाष शाश्त्री

Post a Comment

Previous Post Next Post