लालगंज में महिला ने ससुराल पक्ष पर मारपीट, धमकी और कीमती आभूषण चोरी का लगाया आरोप



संवाददाता जाबिर शेख 


आजमगढ़। लालगंज तहसील क्षेत्र के देवगांव थाना अंतर्गत एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा घर से कीमती आभूषण और लैपटॉप चोरी किए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता प्रेम शीला देवी ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम जमुई, पोस्ट पल्हना, तहसील लालगंज निवासी प्रेम शीला देवी का विवाह मनोज कुमार के साथ 23 मई 2001 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। महिला के अनुसार उसके दो पुत्र अमन चौहान (22 वर्ष) और प्रिंस चौहान (17 वर्ष) तथा एक पुत्री मुस्कान (14 वर्ष) हैं। पीड़िता का कहना है कि वह आंगनबाड़ी में कार्यरत है और अपने परिवार के साथ ससुराल में रह रही थी।
महिला ने आरोप लगाया कि 14 अगस्त 2026 से सोनी पुत्र श्यामदेव चौहान, निवासी मानिकपुर, अपने झांसे में लेकर उसके पति को ससुराल में रहने लगा। विरोध करने पर पति की मिलीभगत से ननद सोनी, ममता, ससुर सुरेंद्र पुत्र अनमोल तथा सास राधिका द्वारा उसके साथ कथित रूप से मारपीट और गाली-गलौज की गई। पीड़िता ने बच्चों को भी जान से मारने की धमकी देने तथा घर से बेदखल करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है।
प्रार्थना पत्र में महिला ने बताया कि 17 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे कथित रूप से सोनी ने उसके कमरे से मंगलसूत्र, सोने का चेन, कान की झुमकी, सोने का कड़ा, चांदी की पायल, दो सोने की अंगूठियां और लैपटॉप चोरी कर लिया। पीड़िता के मुताबिक, जब उसने ससुराल वालों से आभूषणों के संबंध में पूछताछ की तो उसे कथित तौर पर बताया गया कि सामान उसके पुत्र का है और सोनी के पास है।
पीड़िता का कहना है कि उसने मामले की शिकायत क्षेत्राधिकारी लालगंज और चौकी प्रभारी पल्हना, थाना देवगांव से की, लेकिन आरोप है कि उसकी शिकायत पर अभी तक सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद महिला ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कराने तथा स्वयं और अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post