मुंबई, 12 अगस्त 2026: कुर्ला पश्चिम के अशोक नगर,टेकड़ी नंबर 3 में बुधवार तड़के भूस्खलन की दर्दनाक घटना सामने आई। पहाड़ी से मिट्टी और मलबा गिरने से 2 से 3 घर इसकी चपेट में आ गए, जिससे जनहानि और संपत्ति का नुकसान हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई की महापौर रितू तावडे ने मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
महापौर ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के वारिस को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को इलाज के लिए 50 हजार रुपये की मदद देने की घोषणा की है।
घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा है, जहां एक समय में केवल एक व्यक्ति ही गुजर सकता है। इसके बावजूद बीएमसी, मुंबई अग्निशमन दल, NDRF, मुंबई पुलिस, 108 एंबुलेंस सहित विभिन्न एजेंसियों की टीमें मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम और बचाव अभियान पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मौके पर प्रभाग समिति अध्यक्ष विजयेंद्र शिंदे, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे, एल विभाग के सहायक आयुक्त (प्रभारी) अनिल जाधव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment