मंत्री ओमप्रकाश राजभर पहुंचे थे परिजनों से मिलने, महिलाओं ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप; बीच सड़क पर गाड़ियां रोककर जताया विरोध





गाजीपुर करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के उतरांव गांव के सिवान में किशोरी आंचल राजभर की मौत के मामले में रविवार शाम उस समय माहौल गरमा गया, जब कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर मृतका के परिजनों से मिलने पहुंचे। मंत्री के काफिले के साथ पहुंची पुलिस को लेकर ग्रामीण महिलाओं में खासा आक्रोश दिखाई दिया।
महिलाओं का आरोप था कि किशोरी की मौत के मामले में पुलिस ने अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। महिलाएं मंत्री से मिलकर अपनी बात रखना चाहती थीं, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद मंत्री के वहां से रवाना होते ही महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित महिलाएं सड़क पर आ गईं और मंत्री के काफिले में शामिल पुलिस की गाड़ियों को रोककर विरोध जताने लगीं। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। देखते ही देखते कुछ महिलाएं पुलिस की गाड़ी के पीछे दौड़ने लगीं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाओं का आक्रोश और पुलिस की गाड़ी के पीछे दौड़ते हुए दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
क्राइम ब्रांच से जांच का भरोसा
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अब प्रकरण की जांच स्थानीय पुलिस के बजाय क्राइम ब्रांच से कराई जाएगी। मंत्री ने जांच करीब 15 दिन के भीतर पूरी कराने का प्रयास करने की बात कही।
मंत्री के आश्वासन के बाद परिजनों और ग्रामीणों को न्याय की उम्मीद जगी है। हालांकि घटना के बाद गांव में पुलिस कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post