गोंडा। जिले के अलग-अलग स्थानों पर तीन शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुट गई है और शवों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पहली घटना मनकापुर क्षेत्र की है, जहां यूकेलिप्टस के बाग के पास एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
वहीं दूसरी घटना लखपतनगर रेलवे स्टेशन के पास की है, जहां एक महिला की मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। महिला की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
तीसरी घटना गोंडा शहर के इनकैन चौराहे के पास सामने आई, जहां नेकी की दीवार के पीछे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों मामलों में अलग-अलग कोणों से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पत्रकार: अंकित कुमार शर्मा
Post a Comment