शाहजहांपुर। गौतम मौर्य हत्याकांड के आरोपी समीर अली के मकान पर गुरुवार को बुलडोजर चलाने की तैयारी है। कांट नगर पंचायत और प्रशासन ने कार्रवाई को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की मांग की गई है। आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग घटना के अगले दिन आठ घंटे तक चले जाम के दौरान उठी थी। स्थानीय भाजपा विधायक के साथ पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद आर्थिक मदद समेत आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस की विवेचना में सामने आया था कि एक युवक ने अपनी बहन के साथ मिलकर आरोपी समीर अली को हत्या के लिए उकसाया था। गौतम मौर्य युवती का पूर्व प्रेमी था। युवती के समीर अली से बातचीत शुरू करने के बाद गौतम ने समीर को व्हाट्सएप स्टेटस के जरिये चुनौती दी थी। इसके बाद गौतम मौर्य युवती को भी परेशान करने लगा था। इसके बाद युवती और उसके भाई ने लगातार समीर अली को घटना को अंजाम देने के लिए उकसाया। 31 जुलाई की रात समीर अली ने गौतम मौर्य पर चाकू से 16 वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। मामले में आरोपी समीर, उसके पिता, भाई, एक रिश्तेदार और युवती का भाई जेल में हैं। घटना दो समुदायों से जुड़ी होने के कारण पुलिस ने भी सतर्कता बरती और विवेचना में हर पहलू की कड़ियां जोड़कर खुलासा किया। मृतक के परिवार की मांग पर कांट नगर पंचायत ने आरोपियों के मकानों की जांच की। जांच में मकान अवैध पाए गए। एक अगस्त को नोटिस चस्पा किया गया था। वहीं, बिजली विभाग की जांच में आठ लाख रुपये का बकाया बिल भी सामने आया, जिसके बाद मीटर उखाड़ दिया गया। 10 अगस्त को नोटिस की समय सीमा पूरी होने के बाद आरोपियों को पांच दिन का अतिरिक्त समय दिया गया था। इसके बावजूद उनकी ओर से नोटिस का कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद बुधवार (19 अगस्त) को अंतिम नोटिस दिया गया, जिसमें मकान के अंदर रखा सामान हटाने के निर्देश दिए गए।
अब गुरुवार (20 अगस्त) को आरोपियों के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी है। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की भी व्यवस्था की जा रही है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment