संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर
आजमगढ़ सरायमीर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरायमीर वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में नीट क्वालीफाई करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आजमगढ़ जनपद के करीब 40 नीट क्वालीफाई छात्र-छात्राओं को डॉक्टर किट, मोमेंटो और स्मृति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने सोसाइटी के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि लगन और मेहनत से पढ़ाई करने वालों के लिए आर्थिक स्थिति बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि गरीब परिवार से निकलकर उन्होंने मेहनत के दम पर दुनिया में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की अपील की।
मौलाना उमर असलम इस्लाही ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को तालीम से दूर नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह समय भविष्य बनाने का है, समय बर्बाद करने का नहीं। मेहनत और लगन से व्यक्ति अपनी मंजिल हासिल कर सकता है।
प्रमुख इसरार अहमद ने सरायमीर वेलफेयर सोसाइटी की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने बिना किसी भेदभाव के नीट क्वालीफाई करने वाले छात्रों को सम्मानित कर सराहनीय पहल की है।
कार्यक्रम को नगर पंचायत सरायमीर के चेयरमैन वसीम अहमद उर्फ पप्पू पेजर, मुमताज कुरैशी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। संचालन डॉ. जीशान अहमद ने किया। अध्यक्षता सोसाइटी के अध्यक्ष अब्दुल कलाम ने की। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि यह कार्य किसी एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं, बल्कि सभी के सहयोग से ही ऐसे कार्यक्रम सफल होते हैं। कार्यक्रम में सरायमीर वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
Post a Comment