संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला को अपने साथ ले जाकर उसके कान के आभूषण लूटने के मामले में देवगांव पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर अंतर्जनपदीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल लालगंज भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, मोटरसाइकिल, लूटे गए आभूषण तथा 850 रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं लूटे गए आभूषण खरीदने के आरोप में एक सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को मेहनगर थाना क्षेत्र के जियासड़ गांव निवासी अमित प्रताप सिंह ने देवगांव थाने में तहरीर देकर बताया था कि कुछ दिन पूर्व अज्ञात व्यक्ति उसकी मां को बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लालगंज तहसील के सामने से अपने साथ केराकत तहसील की ओर ले गए। रास्ते में आरोपियों ने महिला के कान के टप्स और सहारा झपटकर छीन लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत 17/18 अगस्त की रात देवगांव पुलिस पल्हना-लहुवां मार्ग पर गश्त एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी मोटरसाइकिल से नसीरपुर की ओर आने वाला है और उसके पास अवैध असलहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर नसीरपुर पुलिया के पास उसकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने चेतावनी देने के बाद आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी की पहचान शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज उर्फ बब्लू यादव उर्फ समीर अंसारी पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शरीफ, उम्र करीब 36 वर्ष, निवासी डीएलडब्ल्यू जलालीपट्टी, थाना मंडुवाडीह, कमिश्नरेट वाराणसी, हाल पता ग्राम निधौरा, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल संख्या PB10CK5791, पीली धातु की एक जोड़ी कान का सहारा और 850 रुपये नकद बरामद किए।
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि लूटे गए आभूषणों में से एक जोड़ी कान के टप्स आरोपी ने सैदपुर, गाजीपुर निवासी सुनार दिनेश वर्मा पुत्र रामअवतार वर्मा को दिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिनेश वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पीली धातु की एक जोड़ी कान के टप्स बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शमीम के खिलाफ आजमगढ़, वाराणसी और चंदौली में चोरी, धोखाधड़ी, विश्वासघात, चोरी की संपत्ति रखने तथा आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। सकलडीहा थाने में वर्ष 2023 में दर्ज मुकदमे में आरोप पत्र न्यायालय भेजे जाने की भी जानकारी पुलिस ने दी है। इसके अलावा वाराणसी कमिश्नरेट के कोतवाली काशी, कैंट, लंका और सारनाथ थानों में भी उसके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
मुठभेड़ के संबंध में देवगांव थाने में मुकदमा संख्या 294/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रवीन्द्र नाथ पाण्डेय, विनय कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह सहित देवगांव थाने की पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
Post a Comment