शाहजहांपुर। सिंधौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत बरौरा में कथित तौर पर अवैध कच्ची शराब और देशी शराब की बिक्री का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ खोखों और घरों से खुलेआम शराब बेची जा रही है, जिससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, खुलेआम शराब की बिक्री से युवाओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत की भी आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका सवाल है कि यदि शराब अवैध रूप से बेची जा रही है तो इसकी आपूर्ति कहां से हो रही है और जिम्मेदार विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं है।
ग्रामीणों ने आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस से मामले की जांच कर अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
अब देखना यह है कि ग्रामीणों की शिकायत पर आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment