संवाददाता सलीम शेख
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के अरया सोहिला गांव में आवास को लेकर बातचीत के दौरान हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। एक युवक ने ग्राम प्रधान और उनके पुत्र पर मारपीट करने तथा उसे नदी में धकेलने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान महेंद्र यादव और उनके पुत्र विकास यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गांव निवासी विनोद यादव पुत्र गनपत यादव 7 अगस्त की शाम करीब पांच बजे वर्तमान ग्राम प्रधान महेंद्र यादव से आवास के संबंध में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान ग्राम प्रधान ने गाली-गलौज करते हुए विनोद के साथ मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि करीब पांच मिनट बाद प्रधान का पुत्र विकास यादव भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान ने लाठी से उसके गले पर दबाव बनाया, जबकि विकास यादव ने भी मारपीट की। इसके बाद दोनों ने उसे नदी की सीढ़ियों की ओर धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गया और बाद में उसे नदी में धकेल दिया गया।
विनोद के मुताबिक, उसे तैरना नहीं आता और नदी में पानी का बहाव भी तेज था। किसी तरह वह नदी से निकलकर किनारे पहुंचा। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाया था। नदी में गिरने के बाद उक्त व्यक्ति ने वीडियो बनाना बंद कर उसे बचाने के लिए अन्य लोगों को फोन कर मौके पर बुलाया।
पीड़ित का कहना है कि घटना से संबंधित वीडियो उसके पास सुरक्षित है, जिसे वह पुलिस के समक्ष साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करेगा। उसने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जाने की भी मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे लोगों के खिलाफ भी दूसरे पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
विनोद ने आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर निजामाबाद पुलिस ने ग्राम प्रधान महेंद्र यादव और उनके पुत्र विकास यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों व बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment