छपिया (गोंडा)। छपिया थाना क्षेत्र की रानीजोत ग्राम पंचायत स्थित खालेपुरवा में मसकनवां कस्तूरबा विद्यालय के पास रविवार को झाड़ियों में एक 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खालेगांव निवासी राजेश कुमार गुप्ता (40) के रूप में हुई है।
शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम और चौकी प्रभारी राम सुरेश यादव तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के कुछ ही दूरी पर सरकारी शराब की दुकान भी स्थित है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक अविवाहित था और घर में अकेला रहता था। प्रथम दृष्टया युवक के नशे की हालत में झाड़ियों में गिरने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मौत के कारण की अभी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
प्रहरी मुंबई न्यूज यूपी
पत्रकार— अंकित कुमार शर्मा
Post a Comment